BEO की रिक्तियां बढ़ीं, अब 360 पदों पर आएगी भर्ती, अर्हता स्पष्ट हो जाने पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा अधियाचन

BEO की रिक्तियां बढ़ीं, अब 360 पदों पर आएगी भर्ती, अर्हता स्पष्ट हो जाने पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को भेजा जाएगा अधियाचन

165 बीईओ को क्लास-2 के पदों पर पदोन्नति से रिक्त हुए पद भर्ती में जोड़े जाएंगे

प्रयागराज : खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पद पर भर्ती आने की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। अर्हता स्पष्ट हो जाने पर जो भर्ती आएगी, उसमें पदों की संख्या और बढ़ेगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने पूर्व में 194 पदों की रिक्तियों का विवरण (अधियाचन) उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को चयन प्रक्रिया शुरू करने के लिए भेजा था, लेकिन अर्हता के विवाद के कारण आयोग ने अधियाचन लौटा दिया था। अर्हता स्पष्ट कर पुनः अधियाचन भेजा जाता, उसके पूर्व ही 165 बीईओ समूह-ख के उच्चतर पदों (बीएसए समकक्ष) पर पदोन्नत हो गए। ऐसे में अब रिक्त हुए इन पदों को जोड़कर स्पष्ट अर्हता निर्धारित करते हुए करीब 360 पदों का अधियाचन भेजा जाएगा।

प्रदेश में खंड शिक्षा अधिकारियों के 1031 पद सृजित हैं। इनमें से 837 पदों पर बीईओ कार्यरत थे, जबकि 194 पद रिक्त थे, लेकिन पिछले माह 165 बीईओ को पदोन्नति दी गई। इससे इतने पद और रिक्त हो गए। चूंकि लोक सेवा आयोग ने पूर्व में भेजे गए अधियाचन को यह कहकर लौटा दिया था कि पहले अर्हता स्पष्ट की जाए, उसके बाद अधियाचन भेजा जाए।


अर्हता में बीएड अथवा समकक्ष होने का उल्लेख होने के कारण कई अभ्यर्थी पूर्व की भर्तियों में कोर्ट पहुंच गए थे। ऐसे में लोक सेवा आयोग की सलाह पर विभाग समकक्ष शब्द हटाकर अर्हता का स्पष्ट निर्धारिण करेगा, ताकि भर्तियां कानूनी प्रक्रिया में न फंसने पाएं। इधर, वर्तमान में करीब 360 पद रिक्त होने से कई विकासखंडों में बीईओ को कमी है। इस कारण कुछ के ऊपर एक से अधिक विकास खंडों के विद्यालयों के पर्यवेक्षण का अतिरिक्त प्रभार है। 

अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी के अनुसार रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अर्हता स्पष्ट करते हुए आयोग को अधियाचन भेजा जाएगा और जो पद पदोन्नति से रिक्त हुए हैं, उन्हें भी नई भर्ती में सम्मिलित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post